ये गीत तुझे कैसे दे दूं |
ये गीत ह्रदय कि प्यास सखे ! |
ये गीत मेरी परिभाषा हैं |
ये गीत मेरा इतिहास सखे ! |
ये गीत मेरे मन कि खुशबू |
ये गीत तेरे तन का चन्दन |
तू राधा-सी मैं कान्हा-सा |
ये गीत हैं जैसे वृन्दावन |
जो एक दिवस पूरा होगा |
ये गीत वही, विश्वास सखे ! |
ये गीत मेरी परिभाषा हैं |
ये गीत मेरा इतिहास सखे! |
ये गीत बसंती फागुन से |
ये गीत मचलते सावन से |
ये गीत ग्रीष्म से, पतझर से |
हेमंत-शिशिर के आँगन से |
ये गीत विरह वर्षा ऋतु हैं |
ये गीत मिलन मधुमास सखे ! |
ये गीत मेरी परिभाषा है |
ये गीत मेरा इतिहास सखे ! |
ये गीत बिकाऊ माल नहीं |
ये गीत ह्रदय कि निधियां हैं |
ये गीत अधूरे सपने हैं |
ये गीत पुरानी सुधियाँ हैं |
ये गीत मेरी धरती माँ हैं |
ये गीत मेरा आकाश सखे ! |
ये गीत मेरी परिभाषा हैं |
ये गीत मेरा इतिहास सखे! |
ये गीत तुझे कैसे दे दूं |
ये गीत ह्रदय कि प्यास सखे ! |
ये गीत मेरी परिभाषा हैं |
ये गीत मेरा इतिहास सखे ! |
0 Comments